पटना। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ पाएंगे, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा करते रहेंगे।

अभिषेक कुमार सिन्हा ने बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंपे पत्र में पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए चुनाव लड़ने में असमर्थता व्यक्त की।

इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नया उम्मीदवार घोषित किया। उम्मीदवार बनाए जाने पर नीरज कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश नेतृत्व और पार्टी संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक बूथ कार्यकर्ता से लेकर विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने के बाद पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है और वह बांकीपुर सीट पर बड़ी जीत दर्ज करेंगे।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भाजपा नेता नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद कराया जा रहा है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना होगी।